ज्वेलर्स दुकान में डकैती की कोशिश करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल
- सीसीटीवी कैमरे पर कागज चिपकाकर छिपाई थी वारदात
रायपुर, 26 नवंबर (हि. स.)। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित श्रीनगर में ज्वेलर्स दुकान में डकैती की कोशिश करने वाले तीन आरोपितों और विधि से संघर्षरत एक बालक एवं एक बालिका सहित कुल पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटकर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, चार मोबाइल फोन, हेलमेट और अन्य सामान जब्त किया है।
गुरूवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सदर बाजार निवासी सुरेश ढीमन खमतराई के श्रीनगर में सुरेश ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे 13 नवंबर को दुकान में ताला लगाकर बाहर चले गए थे। 18 नवंबर को लौटने पर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें पता चला कि 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे अज्ञात आरोपितों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कागज चिपकाकर उसे ढक दिया था। इसके बाद गैस कटर से दुकान का ताला काटा गया, लेकिन किसी कारणवश आरोपित चोरी करने में असफल रहे।
शिकायत पर खमतराई थाना में अपराध क्रमांक 1256/26 के तहत धारा 331(4), 305 और 62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उनके साथ एक बालक और एक बालिका की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों को भी पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक मामले में डकैती के प्रयास के साक्ष्य मिलने पर आरोपितों के खिलाफ धारा 310(4) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपितों में वासुदेव सरकार (25वर्ष ), गुंजन बार (18वर्ष ) और नाज नौशाद (34वर्ष ) शामिल हैं। इनके साथ दो नाबालिगों को भी विधिसम्मत कार्रवाई के लिए अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

