लौह खदान के वाहनाें पर आगजनी व लाल सलाम के पर्चे फेंकने वाले पांच अराेपित गिरफ्तार
कांकेर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में लोहत्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेमल के पास स्थित पुष्प खदान लौह खदान में वाहनाें में आग लगाने के बाद छोड़े गए लाल सलाम पर्चे का आज शुक्रवार काे खुलासा करते हुए पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, जिसमें सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी निवासी बोदेली-एडगुड शामिल हैं। इनमें सहदेव तुलावी को कांड का मुख्य कर्ता-धर्ता बताया जा रहा है। घटना के पीछे जो बात सामने आई है, उसके अनुसार आरोपित अपने गांव में लौह खदान नहीं चाहते थे। आरोपिताें के खिलाफ पुलिस ने आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने, जान से मारने की धमकी सहित बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

