home page

जमीनी विवाद में फायरिंग, युवक घायल

 | 
जमीनी विवाद में फायरिंग, युवक घायल


सीओ ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, घायल युवक मेडिकल कालेज रेफर

परिवारिक भाइयों व चाचा पर जमीन के विवाद को लेकर गोली मारने का आरोप

हमीरपुर, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जरिया थानाक्षेत्र के करियारी गांव में शुक्रवार को दूसरे घर में समर का पानी देखने गए 36 वर्षीय युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन उसे सीएचसी लाए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। घायल युवक के भाई ने पट्टा की भूमि के विवाद में चचेरे भाइयों व चाचाओं पर गोली मारने का आरोप लगाया है।

क्षेत्र के करियारी गांव निवासी अर्जुन सिंह (36) पुत्र मुरलीधर व चचेरे भाइयों के बीच पट्टा की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है और दोनों पक्षों के विरूद्ध शांति भंग की कार्रवाई भी हो चुकी है। शुक्रवार को दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे अर्जुन सिंह दूसरे मकान में लगी सबमर्सिबल का पानी देखने गया था। जहां वह संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ घायल अवस्था में भागकर घर आया। उसके बाएं पैर की जांघ में गोली लगी है। उसके छोटे भाई मूरत सिंह का आरोप है कि छोटा भाई अर्जुन दोपहर को समर का पानी देखने गया था। जहां हीरालाल के मकान में पहले से मौजूद चचेरे भाई हीरालाल पुत्र सुखलाल, बलवान पुत्र चंद्रपाल व कन्हैयालाल पुत्र इंद्रपाल ने अवैध तमंचा से अर्जुन सिंह को गोली मारी है और वहीं पर मौजूद चाचा मोहर सिंह पुत्र घसिया, चंद्रपाल पुत्र स्वामीदीन व इंद्रपाल पुत्र स्वामीदीन ने चिल्लाकर कहा कि मारो नहीं तो भाग जाएगा।

जानकारी होते ही परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तथा घायल अर्जुन को एंबुलेंस से सीएचसी लाए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। डा. प्रियंक मिश्रा ने बताया कि युवक के बाएं पैर की जांघ में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं सीओ शाहरुख खान का कहना है कि घायल के घाव पर जले का निशान है जिससे प्रथम दृष्टया नजदीक से गोली चलना प्रतीत होता है। युवक को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया है। थानाध्यक्ष जरिया दिनेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि पट्टा की भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीओ सरीला शाहरुख़ खान ने बताया की युवक की हालत ठीक है तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा