गोलीबारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
भागलपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि बीते 11 फरवरी को नासोपुर के समीप विजय यादव अपनी पुत्री को इंटर की परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए अनीश मंडल और पप्पू मंडल ने उन पर फायरिंग कर दी।
इस घटना में विजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनीश मंडल और पप्पू मंडल को गिरफ्तार कर लिया। अनीश मंडल की निशानदेही घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

