गंगारामपुर फायरिंग मामले में मुख्य आरोपित गिरफ्तार
दक्षिण दिनाजपुर, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के गंगारामपुर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपित तथा तृणमूल नेता बाबू चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर रात मालदा से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि 24 मार्च की देर रात गंगारामपुर थाने के पास ही एक पार्टी कार्यकर्ता को गोली मारने का आरोप बाबू चौधरी पर लगा था। चुनाव से पहले इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगारामपुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बाबू चौधरी के कई करीबी सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उनसे पूछताछ और गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार देर रात मालदा में अभियान चलाकर मुख्य आरोपित को दबोच लिया गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल था या इसके पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
आरोपित को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इधर, चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ दल के एक नेता की गिरफ्तारी से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जिले में बढ़ते राजनीतिक तनाव ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

