home page

जमीनी विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, चार घायल

 | 
जमीनी विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, चार घायल


कानपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत दहेली उजागर गांव में बुधवार को जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाने के साथ हवाई फायरिंग भी की। घायलों को पहले बिधनू सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

घायलों की पहचान दहेली उजागर महेश राजपूत, अखिलेश और शिवा समेत चार लोगों के रूप में हुई है। घायलों ने मुन्ना सिंह, सागर पाल और भोंपू पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुन्ना सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आज इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से चार लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपितों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा हैलट अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और उनके परिजनों से बातचीत की। विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

उधर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान शिकायत पर लापरवाही बरतने को लेकर बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह को फटकार लगाई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप