home page

बिहार के नवादा में वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में मारे गए प्रणय भारती का गंभीर आपराधिक इतिहास

 | 
बिहार के नवादा में वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में मारे गए प्रणय भारती का गंभीर आपराधिक इतिहास


नवादा, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले के हिसुआ बाजार स्थित पांचूगढ़ मोहल्ले में वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में मारे गए प्रणय भारती का गंभीर आपराधिक इतिहास सामने आया है। हिसुआ थाने में दर्ज कांड संख्या 396/2023 के अनुसार, प्रणय भारती आदतन और खूंखार आपराधिक प्रवृत्ति का युवक था।

28 जुलाई 2023 को उसने करीब 20 हथियारबंद अपराधियों के साथ नवादा-गया मार्ग पर त्रिवेणी सत्यभामा कॉलेज के समीप मॉडर्न स्कूल की बस को दिनदहाड़े बंधक बना लिया था। उसने ट्रांसपोर्ट इंचार्ज राकेश रौशन की कनपटी पर पिस्टल सटाकर 80 हजार रुपये की सोने की चेन लूट ली थी और 50 हजार रुपये मासिक रंगदारी न देने पर पूरे स्कूल भवन को डायनामाइट से उड़ाने की धमकी दी थी। त्रिवेणी सत्यभामा कॉलेज के शिक्षकों के अनुसार, वह हथियार के बल पर अक्सर छात्राओं के साथ छेड़खानी भी करता था, लेकिन खौफ के कारण लोग शिकायत करने से बचते थे।

सोशल मीडिया पर प्रणय और उसके साथियों की अवैध हथियारों के साथ कई तस्वीरें भी तेजी से प्रसारित हो रही हैं, जिसे पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। मंगलवार को वर्चस्व और मारपीट के बाद हुई गोलीबारी में प्रणय की मौत हो गई, जबकि दूसरे गुट के दो युवक गोली लगने से घायल हो गए, जिनका इलाज नवादा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस-एफआईआर दर्ज कराई गई है। अस्पताल में भर्ती घायलों का दावा है कि पहली गोली प्रणय की तरफ से ही चलाई गई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी हर तकनीकी और प्रत्यक्ष साक्ष्य की बारीकी से पड़ताल कर रही है ताकि गोलीबारी की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन