आपसी रंजिश और कब्जे के विवाद को लेकर हुई फायरिंग
जयपुर, 10 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर में बुधवार को आपसी रंजिश और कब्जे के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना में शाहिद नामक युवक के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस के अनुसार घायल शाहिद भट्टा बस्ती क्षेत्र का निवासी है। फायरिंग की यह घटना अशोक नगर थाना क्षेत्र में हुई। घटना की सूचना मिलते ही अशोक नगर थाना पुलिस और एसएमएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग के पीछे आपसी रंजिश और कब्जे को लेकर चल रहा विवाद कारण हो सकता है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस घटना में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

