home page

उज्जैन के टावर चौक पर दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, अधेड़ के पेट में लगी गोली

 | 


उज्जैन, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के टावर चौक पर शुक्रवार दोपहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बदमाश ने अचानक एक अधेड़ पर गोली चला दी। फायरिंग में गोली सीधे अधेड़ के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा।

वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के कुछ ही घंटों के अंतराल में पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस बचकर भागते समय उसके दोनों पैर टूट गए।

माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि अब्दालपुरा निवासी आशुतोष (53) पुत्र छोगालाल सोनी को शुक्रवार दोपहर में टॉवर चौक पर प्रभुलाल पुत्र देवाजी निवासी तोबरीखेड़ा हाल मुकाम चिमनगंज मंडी थाने के सामने झुग्गी बस्ती ने देशी कट्टे से गोली मार दी। गोली लगते ही आशुतोष जमीन पर गिर गया। यह देख आरोपी मौके से मक्सी रोड की ओर भाग निकला। अचानक हुई घटना से किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। टॉवर चौक पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अनमोल अहिरवार ने सडक़ पर घायल को देखा और उसे ई-रिक्शा से सीधे चरक अस्पताल लेकर पहुंचा। साथ ही उसने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। शहर में तत्काल घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी प्रभुलाल मालवीय, निवासी तराना को रेलवे ट्रैक के पास से दौड़ते हुए पकड़ लिया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी गजेन्द्र पचोरिया ने बताया कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली वैसे ही टीम सक्रिय हो गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की खोजबीन शुरू की गई। गोली मारने के बाद वह मक्सी रोड रेलवे पटरी की ओर भागा था। पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ ही घंटों में दबोच लिया। हालांकि भागते समय पटरियों पर गिरने से उसके पैरों में चोट लगी है। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और 4 जिन्दा कारतूस जब्त किए है।

परेशान होकर मारी गोलीसीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं हो रही है। पूछताछ के दौरान वह स्पष्ट रूप से यह नहीं बता पा रहा था कि उसने गोली चलाने जैसा कदम क्यों उठाया। हालांकि शुरुआती पूछताछ में उसने दावा किया कि आशुतोष सोनी उसे लंबे समय से परेशान कर रहे थे, इसलिए उसने उन पर हमला किया। आरोपी ने यह भी कहा कि वह तीन-चार अन्य लोगों को भी गोली मारने की योजना बना चुका था। पुलिस उसके इन दावों की भी गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके और घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल