home page

सवीना थाने के सामने हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग, कंधे में फंसी दाे गोलियां; गैंगवार की आशंका

 | 
सवीना थाने के सामने हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग, कंधे में फंसी दाे गोलियां; गैंगवार की आशंका


उदयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र में रविवार तड़के थाने के सामने ही हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। बदमाशों ने उस पर तीन गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां फरदीन के कंधे में जा फंसीं, जबकि तीसरी गोली उसके साथी को छूते हुए निकल गई। घायल फरदीन को तत्काल एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

फरदीन के अनुसार वह अपने छोटे भाई अरदीन पर हुए हमले की रिपोर्ट दर्ज कराने सवीना थाने पहुंचा था। उसने अपनी गाड़ी थाने के बाहर पार्क की थी। इसी दौरान गोगा और उस्मान गनी कार से वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी। फरदीन ने पुलिस को आरोपितों के संबंध में जानकारी दी है।

घटना को गैंगवार से जोड़कर भी देखा जा रहा है, क्योंकि फरदीन ने जिस गोगा का नाम लिया है, वह भी हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपितों की भूमिका और घटना के पूरे कारणों की पुष्टि नहीं की है। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि फायरिंग की जांच की जा रही है और आरोपितों की तलाश के लिए टीमें जुटी हैं।

फरदीन की मां शबाना बानो के अनुसार, बीती रात अरदीन पर बलीचा स्थित एक होटल के पास कुछ लोगों ने हमला किया था। इसके बाद उसने फरदीन को फोन किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फरदीन पर लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 मामले दर्ज हैं, जबकि गोगा पर 20 से अधिक आपराधिक मामले बताए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता