बजरी सप्लायर की दुकान पर फायरिंग: युवक ने गेट बंद कर बचाई जान
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। राजधानी जयपुर के नारायण विहार थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते बजरी सप्लायर की दुकान पर काम करने वाले एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। हमलावरों ने वारदात से पहले दुकान के बाहर खड़ी दो पिकअप और एक बाइक में तोड़फोड़ की। इसके बाद तड़के एसयूवी (थार) में सवार होकर आए तीन-चार बदमाशों ने युवक को बाहर बुलाकर उस पर फायरिंग कर दी। युवक ने दुकान के भीतर भागकर गेट बंद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने दो और गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक हमलावर की पहचान प्रताप नगर निवासी सचिन के रूप में की है।
नारायण विहार थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना नारायण विहार में हरिओम धर्मकांटा के पास स्थित निरंकारी बजरी सप्लायर की दुकान पर हुई। यहां महेंद्र (34) और सचिन पहले साथ काम करते थे। वर्ष 2021 में सचिन को काम से हटा दिया गया था। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश हो गई थी। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच पहले विवाद हुआ था, लेकिन इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई थी। दीपावली पर दोनों के साथ पार्टी करने की बात भी सामने आई है।
थानाधिकारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे सचिन दुकान पर पहुंचा और बाहर खड़ी दो पिकअप तथा एक बाइक में तोड़फोड़ कर फरार हो गया। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच वह अपने तीन-चार साथियों के साथ थार जीप में दोबारा दुकान पर पहुंचा। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए महेंद्र को बाहर बुलाया। जैसे ही महेंद्र बाहर आया, उस पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए महेंद्र तुरंत दुकान के अंदर भागा और गेट बंद कर लिया। इस पर हमलावरों ने दो बार और फायरिंग की और वाहन में सवार होकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी करवाई, लेकिन तत्काल उनका कोई सुराग नहीं मिला। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस के अनुसार महेंद्र की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। एक आरोपी की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ आए अन्य बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले से जुड़ी गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस वीडियो और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

