लेनदेन के विवाद में गैराज पर फायरिंग: दो हवाई फायर कर कार सवार बदमाश फरार
जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर में एक मोटर गैराज पर हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लेनदेन के विवाद को लेकर कार से आए तीन युवकों ने गैराज पर पहुंचकर विवाद किया और उनमें से एक ने कथित रूप से दो हवाई फायर कर दिए। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और गोली किसी को नहीं लगी। वारदात के बाद आरोपित कार में सवार होकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और पश्चिम जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपितो की तलाश शुरू कर दी है।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह के अनुसार निवारू रोड पर जितेंद्र शर्मा का महालक्ष्मी मोटर गैराज संचालित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते दूसरे पक्ष से यश और अमन अपने कुछ साथियों के साथ गैराज पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। जो देखते-देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने पिस्टल निकालकर दो हवाई फायर कर दिए। अचानक फायरिंग होने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें तीन आरोपित कार से घटनास्थल पर आते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक आरोपित के हाथ में पिस्टल भी साफ नजर आ रही है। फायरिंग के बाद तीनों आरोपित कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लेनदेन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

