जबलपुर : शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, फिर मारी गोली
जबलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र के कछियाना इलाके में शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार देर रात युवक तरुण मिर्गे पर चाकू से हमला कर गोली मार दी। गोली युवक के घुटने के पास लगी। वारदात के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, तरुण मिर्गे कछियाना क्षेत्र में अपने परिचितों के साथ सोमवार देर रात खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहे तरुण पर बदमाशों ने गोली चला दी, जो उसके घुटने के पास लगी।
घायल तरुण को परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकीय जानकारी के मुताबिक, गोली पैर के अंदर फंसी हुई है। उसे निकालने के लिए मंगलवार को ऑपरेशन किए जाने की बात कही गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सरेराह चाकूबाजी और गोलीबारी की इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

