फायरिंग केस में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 11 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने शुक्रवार देर रात अहम सफलता हासिल करते हुए शेष दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल दो युवक रादौर क्षेत्र में गाँव कांजनू के निकट नहर किनारे मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्धों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी हर्ष घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी अभिषेक को मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल हर्ष को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपी कुरुक्षेत्र जिले के सुनहेड़ी खालसा गांव के निवासी बताए गए हैं और पहले पकड़े जा चुके आरोपी अमन के सहयोगी हैं।
मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच लगभग 14 से 15 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी एक गोली लगने की पुष्टि हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 30 मार्च की रात जठलाना क्षेत्र स्थित फैक्ट्री पर तीन युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। घटना के बाद मौके से आठ कारतूस बरामद हुए थे।
इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी अमन का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जो पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास में घायल हो गया था। जांच अधिकारी के अनुसार, इस पूरे मामले के पीछे आपराधिक गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

