जबलपुर में आवासीय परिसर में लगी आग, कई दोपहिया वाहन जलकर खाक
जबलपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के मिलौनीगंज क्षेत्र में स्थित त्रिभुवन दास मालपाणी स्कूल के पीछे एक आवासीय परिसर में शुक्रवार देर रात आग लगने से कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड तथा बिजली विभाग को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे परिसर में रहने वाले लोगों की नींद धुएं और आग की लपटों के कारण खुली। बाहर निकलकर देखा तो खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगी हुई थी, जो तेजी से फैल रही थी। देखते ही देखते कई वाहन आग की चपेट में आ गए।
आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन घटनास्थल के निकट बिजली के मीटर और विद्युत तार होने से करंट का खतरा बना हुआ था। ऐसे में लोगों ने सुरक्षा कारणों से पानी डालने का जोखिम नहीं उठाया।
सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुआ, लेकिन संकरी गली के कारण घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। बताया गया कि मार्ग की चौड़ाई कम होने से दमकल को मुख्य सड़क पर ही रुकना पड़ा, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था। हालांकि बिजली विभाग के पहुंचने तक अधिकांश वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके थे। बाद में बिजली आपूर्ति बाधित किए जाने के बाद दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाई।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। स्थानीय स्तर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

