जबलपुरः गुरंदी बाजार में अगरबत्ती दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
जबलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बेलबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरंदी बाजार में गुरुवार देर रात एक अगरबत्ती की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
सूचना मिलते ही बेलबाग थाना पुलिस और नगर निगम के अग्निशमन दल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए दुकानदार ने बड़ी मात्रा में अगरबत्ती, धूपबत्ती और पूजन सामग्री का स्टॉक जमा किया था। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे नुकसान और बढ़ गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन टीम के देर से पहुंचने के कारण बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। दमकल की गाड़ियों को भी मौके पर पहुंचने के बाद कुछ समय तक बिजली बंद होने का इंतजार करना पड़ा। फिलहाल बेलबाग थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं राजस्व विभाग की टीम द्वारा आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

