home page

पांवटा साहिब में कार में लगी आग 

 | 
पांवटा साहिब में कार में लगी आग 


नाहन, 04 मई (हि.स.)। पांवटा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रात के समय एक कार में अचानक आग लगने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

शहर के वार्ड-8 में एसडीएम ऑफिस के समीप बीती देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करीब डेढ़ बजे पांच नकाबपोश बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और रणजीत सिंह पुत्र मनमोहन सिंह के घर और गेट के भीतर खड़ी पजेरो स्पोर्ट्स कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर में वाहन आग की लपटों में घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एसएचओ की अगुवाई में मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

इसी बीच दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक वाहन को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि घटनास्थल से पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। टीम मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है और इस वारदात के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर