home page

दिनदहाड़े खड़ी बाइक को आग के हवाले, पुलिस जांच में जुटी

 | 
दिनदहाड़े खड़ी बाइक को आग के हवाले, पुलिस जांच में जुटी


शिमला, 02 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत नाभा स्थित खेल परिसर में खड़ी एक बाइक को अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना में बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी अनुसार बाइक खेल परिसर में पार्क की गई थी, तभी किसी ने उसमें आग लगा दी। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत और गुस्सा दोनों देखने को मिला। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, लंबे समय से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां चल रही हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार टेनिस कोर्ट के नीचे का इलाका नशा करने वालों का अड्डा बनता जा रहा है। यहां दिन-रात कुछ युवक बैठे रहते हैं और नशे की गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। इस बारे में कई बार प्रशासन और पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में कुछ युवक तेज रफ्तार से गाड़ियां और बाइक चलाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। पिछले महीने भी तेज रफ्तार के कारण एक पशु की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा