मुखर्जी नगर में तीन मंजिला मकान में आग, छह लोगों को सुरक्षित निकाला, एक झुलसा
नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के मुखर्जी नगर इलाके में रविवार देर रात एक मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने साहस दिखाते हुए इमारत में फंसे छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 9:43 बजे आर नगर क्षेत्र में के.डी. कैंपस के पीछे, बत्रा सिनेमा के पास स्थित एक मकान में आग लगने और छत पर लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इमारत में प्रवेश किया और एक-एक कर लोगों को बाहर निकाला।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग मकान की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान और कागजात में लगी थी। आग तेजी से फैलने के कारण ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग फंस गए थे। घटना में पवन कुमार (32) झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें 25 से 30 प्रतिशत तक जलने की चोटें आई हैं। वहीं, नीतू सिंह (50), हर्षित (17), रानू देवी (85), मीना शुक्ला (65) और रोहित शुक्ला को सुरक्षित बचा लिया गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

