पहाड़गंज के चूना मंडी में मकान में लगी आग, दिव्यांग बुजुर्ग की झुलसकर मौत
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य जिले के पहाड़गंज इलाके में साेमवार दोपहर एक मकान की तीसरी मंजिल पर आग लगने से 60 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग की झुलसकर मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अनुसार दोपहर करीब 2:40 बजे चूना मंडी स्थित मकान नंबर 2870/4 में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर एक तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब 3:10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। जांच में सामने आया कि आग मकान की तीसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान में लगी थी, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग के दौरान घर में मौजूद दिव्यांग राकेश (60) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पुलिस की पीसीआर वैन से तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में उनके भाई नरेश (58) के हाथ मामूली से झुलसे है। प्राथमिक उपचार के बाद वे ठीक है।
घटना की सूचना पर पहाड़गंज थाना पुलिस और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग तेजी से फैली, जिससे परिवार को संभलने का मौका नहीं मिल पाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

