शिमला : पुलिस लाइन के पास खड़ी कार में लगाई आग, पार्षद ने कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता
शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। राजधानी शिमला में पुलिस लाइन भराड़ी के पास खड़ी एक कार को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। सोमवार रात हुई इस घटना में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना पुलिस लाइन और पुलिस मुख्यालय के नजदीक होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आगजनी की यह घटना पुलिस लाइन भराड़ी के पास चैपसली स्कूल मोड़ के निकट हुई। जिस कार को आग लगाई गई, वह पुलिस मुख्यालय शिमला में कार्यरत इंद्र सिंह की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग लगाने वाले लोगों का पता नहीं चल पाया है।
वार्ड नंबर-1 की पार्षद मीना चौहान ने घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बाहरी इलाकों से आने वाले कुछ लोग रात के समय वाहनों में बैठकर नशा करते हैं और शोर-शराबा करते हैं। उनके अनुसार, इससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है और इलाके का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ समय से यहां चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
पार्षद का कहना है कि चोरी की घटनाओं से जुड़े वीडियो भी कई बार पुलिस अधिकारियों और संबंधित पुलिस चौकी को दिए गए हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनके अनुसार, इसी कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन के पास इस तरह की घटना होना गंभीर मामला है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
मीना चौहान ने प्रशासन से मांग की है कि आगजनी करने वालों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगाने वालों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

