सिरसा: बीज भंडार में लगी आग, लाखों रुपये का नुकसान
सिरसा, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चौपटा में पेस्टीसाइड एंड बीज भंडार में आग लगने करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हो गया। आग का कारण बिजली का शॉर्ट सकिर्ट माना जा रहा है। दुकान संचालक गणदेव ने बताया कि शनिवार को दुकान में पहुंचा तो देखा तो कीटनाशक दवाइयां, बीज व अन्य सामान जलकर राख हुआ मिला। शुक्रवार देर शाम को वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात को बिजली के शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई और उसे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। दुकान में बिजली के उपकरण भी आग के भेंट चढ़ गए। गणदेव ने बताया कि शायद आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। पीडि़त गणदेव ने बताया कि उसकी रोजी-रोटी दुकान से चलती थी। उसने जिला प्रशासन से मांग की है कि उसे मुआवजा व बीमा क्लेम दिलाया जाए।
ईंटें उखाडक़र सरपंच के खिलाफ नारेबाजी
जिले के गांव जोड़कियां में गली निर्माण में अनियमितताए बरतने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ईंटें उखाड़ कर सरपंच के खिलाफ नारेबाजी की।ग्रामीणों ने बताया कि बारिश का पानी घरों में घुसने लगा तो वार्डवासियों ने ईंटों को उखाड़ कर फेंक दिया। वार्डवासियों का आरोप है कि गली निर्माण में ठेकेदार ने सही लेवलिंग नहीं की और विरोध जताने के बाद भी आनन-फानन में निर्माण कर दिया। वहीं, गांव के सरपंच राकेश ने बताया कि गली को वार्डवासियों की सहमति से ही निर्धारित सीमा से ऊंचा उठाया गया था। वहीं वार्ड में कुछ लोगों की आपसी रंजिश चल रही है जिस कारण गली निर्माण में कई बार बाधा उत्पन्न की गई और कई बार ईंटों को उखाड़ा गया। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन को कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

