फनिंगो एडवेंचर पार्क अग्निकांड: वेल्डर की मौत के मामले में तीन संचालकों पर एफआईआर
जबलपुर, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के मानेगांव स्थित फनिंगो एडवेंचर पार्क में मार्च माह में हुए भीषण अग्निकांड और वेल्डर अशोक मरावी की मौत के मामले में पुलिस ने पार्क के तीन संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। प्रशासनिक एवं तकनीकी जांच में अग्नि सुरक्षा संबंधी गंभीर लापरवाहियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने विजयनगर निवासी प्रभाकर जैन, जगदंबा कॉलोनी निवासी वेदांत कुमार दीवान तथा छोटा फुहारा निवासी बासु गुप्ता को मामले में आरोपित बनाया है। जांच में पाया गया कि पार्क परिसर में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और ज्वलनशील सामग्री का बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया था।
गौरतलब है कि 25 मार्च को फनिंगो एडवेंचर पार्क में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग बुझने के बाद घटनास्थल से एक जला हुआ कंकाल बरामद हुआ था। बाद में डीएनए जांच के आधार पर उसकी पहचान वेल्डर अशोक मरावी के रूप में हुई।
घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा गठित संयुक्त जांच समिति में राजस्व, पुलिस, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया था। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि पार्क की संरचना अस्थायी और अर्ध-स्थायी थी, जहां फोम, प्लास्टिक और कपड़े जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। परिसर में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र और फिक्स्ड फायर फाइटिंग सिस्टम भी उपलब्ध नहीं था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय परिसर में एग्जॉस्ट फैन लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अशोक मरावी वेल्डिंग कर रहा था। वेल्डिंग से निकली चिंगारियां पास रखी ज्वलनशील सामग्री के संपर्क में आने से आग भड़क गई, जिसने देखते ही देखते पूरे गेमिंग जोन को अपनी चपेट में ले लिया।
जांच में यह भी पाया गया कि पार्क का बीमा नहीं कराया गया था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। समिति ने हादसे के लिए संचालकों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
पुलिस के अनुसार आग लगने के बाद सुरक्षा गार्ड की सूचना पर मामला दर्ज किया गया था। बाद में अशोक मरावी के लापता होने की शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई। डीएनए रिपोर्ट में मृतक की पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विस्तृत जांच पूरी कर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

