home page

युवती की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म,प्राथमिकी दर्ज

 | 
युवती की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म,प्राथमिकी दर्ज


हमीरपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर थानाक्षेत्र स्थित कुंडौरा गांव की एक युवती ने गांव के युवक पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने एवं सगाई तोड़ने, उलाहना देने पर परिजनों को गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।

कुंडौरा गांव की एक युवती ने आरोप लगाया कि गांव के एक युवक ने उसके घर आकर नहाते समय की उसकी फोटो, वीडियो बना लिया था।इसके बाद उसने उसकी फोटो, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सुमेरपुर कस्बे में बुलाया। गांव से सुमेरपुर बस स्टैंड पहुंचने के बाद आरोपित युवक उसे बाइक से स्टेशन रोड स्थित एक ओयो होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दाैरान भी उसने उसकी फोटो और वीडियो भी बना लिए।

इसी बीच उसकी सगाई एक मई को उरई निवासी युवक से हो गई। जब आरोपित युवक को इसकी जानकारी हुई तो उसने सोशल मीडिया में उसकी अश्लील फोटो, वीडियो वायरल कर दी, जिससे उसकी सगाई टूट गई। इस बात का जब उलाहना देने के लिए उसकी मां आरोपित के घर पहुंची तो उसके पिता ने गाली गलौज कर भगा दिया। घटना के बाद उसने कई बार थाने पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस जांच के नाम पर उसे टरकाती रही। मजबूर होकर उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने मंगलवार को बताया कि आरोपित युवक शादीशुदा है और अहमदाबाद में रहकर नौकरी कर रहा है। तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।-----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा