home page

सीजबलपुर : सीटीवी फुटेज देने के बाद भी आधारताल पुलिस ने दर्ज नहीं की FIR, न्याय के लिए भटक रहा नाबालिग

 | 
सीजबलपुर : सीटीवी फुटेज देने के बाद भी आधारताल पुलिस ने दर्ज नहीं की FIR, न्याय के लिए भटक रहा नाबालिग


जबलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। शहर के आधारताल थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां मारपीट का शिकार हुआ एक नाबालिग और उसका परिवार कई दिनों से एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रहा है। शनिवार को पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, बीते 6-7 नवंबर को धनतेरस के दिन कंचनपुर क्षेत्र के कुछ युवकों ने एक नाबालिग को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। नाबालिग का कहना है कि हमलावरों से उसकी कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी। उसके दोस्तों के साथ हुए विवाद का बदला लेने के लिए उसे निशाना बनाया गया और उसके साथ मारपीट की गई।

इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि मारपीट की पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित परिवार का दावा है कि उन्होंने घटना का वीडियो पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया है। इसके बावजूद आधारताल थाना पुलिस एफआईआर दर्ज करने में कथित तौर पर आनाकानी कर रही है। परिवार का आरोप है कि वे लगातार थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब घटना का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है और उसे पुलिस के सुपुर्द भी किया जा चुका है, तो फिर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है? आखिर एक नाबालिग को न्याय पाने के लिए कितने दिनों तक थाने के चक्कर काटने पड़ेंगे?

वही इस मामले में जब अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार से बात हुई तो उनका कहना था कि मामला संज्ञान में आया है और इस पर पूर्ण जांच की जा रही है। मामले में विधि संमत कार्रवाई भी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक