home page

अयोध्या कैंट एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में दो सप्ताह बाद रिपोर्ट दर्ज

 | 
अयोध्या कैंट एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में दो सप्ताह बाद रिपोर्ट दर्ज


जीआरपी के हेड कांस्टेबल की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया

मुरादाबाद, 20 जून (हि.स.)। अयोध्या कैंट एक्सप्रेस ट्रेन (14206) पर बीती 6 जून को हुए पथराव की घटना के मामले में दो सप्ताह बाद शनिवार को जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी रेल के अनुसार प्राथमिक की देर से दर्ज होने के पीछे घटना में अयोध्या निवासी घायल पीड़ित यात्री द्वारा जब तहरीर नहीं दी गई तो जीआरपी के हेड कांस्टेबल की ओर से अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (रेल) आशुतोष शुक्ला ने शनिवार को बताया कि यह प्राथमिकी जीआरपी बरेली में तैनात हेड कांस्टेबल केशव प्रसाद की तहरीर पर दर्ज की गई है।

जिसमें केशव प्रसाद ने बताया कि बीती 6 जून को उनकी ड्यूटी अयोध्या कैंट एक्सप्रेस ट्रेन (14206) में स्कोर्ट में लगी थी। रात करीब साढ़े 11 बजे ट्रेन मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के आउटर पर कांशीराम कॉलोनी के सामने खड़ी थी। इस दौरान ट्रेन के जनरल कोच पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था। इस कोच में सवार एक यात्री ने रेलवे के कंट्रोल रूम में भी कॉल कर सूचना दी थी।

इसकी जानकारी मिलने पर ट्रेन में तैनात हेड कांस्टेबल और अन्य पुलिस कर्मी कोच में पहुंचकर उन्होंने यात्रियों से पूछताछ की तब उन्होंने पथराव की जानकारी दी। इसके अलावा कोच का शीशा भी टूटा पड़ा था। इस घटना में अयोध्या के तारुन निवासी मोनू घायल हो गया। जीआरपी ने मोनू से तहरीर मांगी थी लेकिन उसने बाद में आकर तहरीर देने की बात कही थी, लेकिन इलाज कराने के बाद उसने तहरीर देने से इन्कार कर दिया।

पुलिस अधीक्षक रेलवे आशुतोष शुक्ला का कहना है कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी तो जीआरपी की ओर से ही इस मामले में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल