जदयू विधायक पुत्र मौत मामले में धर्मशीला अस्पताल संचालक व चिकित्सक पर प्राथमिकी
नवादा, 03 अप्रैल (हि.स.)।नवादा विधायक व पूर्व मंत्री पुत्र की मौत मामले में नवादा के धर्मशिला देवी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संचालक तथा चिकित्सक के विरुद्ध शुक्रवार को थाने में प्राथमिक की दर्ज कराई गई है। विधायक विभा देवी के पति पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद के लिखित आवेदन के बाद चिकिसकों के जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिक की दर्ज कराई गई है।
धर्मशिला देवी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के विरुद्ध नवादा मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 119/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कार्य तेज कर दिया गया है । इस संबंध में प्रतिनियुक्त अनुसंधान टीम ने शिकायतकर्ता पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद का बयान दर्ज किया और उनके पुत्र स्व अखिलेश कुमार की मौत से संबंधित जानकारियां प्राप्त की । इलाज के दौरान उपस्थित लोगों का बयान भी मौके पर लिया गया । नवादा जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आफताब कलीम के नेतृत्व में गठित मेडिकल जांच टीम की रिपोर्ट एवं पीड़ित परिवार के आरोप के आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमें हॉस्पिटल पर लगाए गए सारे आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए । खासकर सीसी टीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्य से स्पष्ट होता है कि इस अस्पताल में कोई चिकित्सक थे ही नहीं इसके बावजूद गंभीर रूप से घायल मरीज को रोक कर रखा गया । इसी के साथ जिला प्रशासन ने भी जिले के सभी निजी व सरकारी अस्पतालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है ।
इस बीच शिकायतकर्ता राजबल्लभ प्रसाद ने बताया कि मेरा बेटा तो अब लौटकर नहीं आ सकता किंतु किसी और के बेटा की मृत्यु अस्पतालों की लापरवाही एवं बदनीयती के कारण नहीं हो इसलिए जनहित में यह लड़ाई लड़ना जरूरी है । उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अस्पतालों एवं चिकित्साकर्मियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाय । विदित हो कि 19 मार्च को थार गाड़ी के एक पेड़ से टकरा जाने के कारण घायल चालक अखिलेश कुमार को धर्मशिला देवी अस्पताल लाया गया था किंतु वहां कोई भी चिकित्सक नहीं रहने के बावजूद सात घंटे तक मरीज को बिना किसी उचित इलाज के रखा गया ।
अंत में मरीज की हालत ज्यादा बिगड़ने पर पटना रेफर किया गया किंतु तब तक देर हो चुकी थी और मरीज की मृत्यु पटना ले जाने के क्रम में ही हो गई । इस बात की पुष्टि जांच टीम ने भी अपने मंतव्य में की है और अस्पताल के लापरवाही के कारण अखिलेश की मौत को स्वीकार किया है । फिलहाल अनुसंधान कार्य तेज होने पर पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताया है कि उन तमाम पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा जिन्होंने धर्मशिला देवी अस्पताल की लापरवाही के कारण अपने लोगों को खोया है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

