home page

सीवान में जमीन विवाद: विधायक ओसामा शहाब सहित कई पर प्राथमिकी

 | 
सीवान में जमीन विवाद: विधायक ओसामा शहाब सहित कई पर प्राथमिकी


सीवान, 16 अप्रैल (हि.स.)।सीवान जिले के महादेवा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाने के धर्म परसा निवासी डॉ विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉक्टर सुधा सिंह ने रघुनाथपुर के राजद विधायक ओसामा शहाब,फरहान, सबीर सहित 30-35 नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद सारण प्रमंडल के डीआईजी निलेश कुमार मामले की जांच करने के लिए गुरुवार को सीवान पहुंचे। थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में डॉ सुधा सिंह ने कहा है कि 7 सितंबर 2024 को उन्होंने और उनके पति ने खाता संख्या 82, सर्वे संख्या 942, रकबा 11.904 डिसमिल जमीन संयुक्त दस्तावेज से खरीदी थी। अंचल कार्यालय ने भूमि की जमाबंदी उनके संयुक्त नाम से कर दी थी। यह जमीन महादेवा थाने के झूनापुर में निर्माणाधीन राम जानकी राष्ट्रीय राजमार्ग के ठीक सटे उत्तर की ओर स्थित है.लगभग तीन महीने पहले अचानक विधायक ओसामा शहाब का फोन आया. उन्होंने कहा, “इस जमीन को मैंने भी बेनामा कराया है, यहां मुकदमा भी चल रहा है. तुम लोग निर्माण बंद कर दो और अपने सारे कागजात मुझे दे दो, मैं देख लूंगा कि किसका कागजात सही है.” सुधा सिंह ने तुरंत अपने सभी दस्तावेज विधायक को उपलब्ध करा दिए। इसके बाद ओसामा साहब ने आश्वासन दिया, “अगर तुम्हारा दस्तावेज सही है तो तुम बिना किसी रोक-टोक के काम कराओ, मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी.

”पीड़िता ने आगे लिखा, “मैं और मेरे पति ने विधायक को कागजात देने के बाद यह मान लिया था कि अब काम निर्विघ्न चलेगा. लेकिन विधायक ने न तो संपर्क किया, न कोई जवाब दिया. जब हमने दो दिन स्वयं स्थल पर काम कराया तो भी कोई आपत्ति नहीं की गई.जैसे ही मैं अपने आदमियों को सौंप कर गोरखपुर चली गई.महीनों तक चुप्पी साधे रहने के बाद अचानक 14 अप्रैल 2026 को विधायक का फिर फोन डॉ. विनय कुमार सिंह के मोबाइल पर आया.

उन्होंने सख्त लहजे में आदेश दिया “निर्माण कार्य तुरंत बंद कर दो.” डॉ. सिंह ने पूछा, “यह आदेश न्यायिक है या प्रशासनिक?” जवाब मिलने से पहले ही विधायक के 30-35 गुंडे घातक हथियारों से लैस होकर निर्माण स्थल पर पहुंच गए.गुंडों ने मजदूरों पर लाठियां बरसानी शुरू कर दी. फरहान और शबीर नाम के दो गुंडों ने मजदूरों के मोबाइल फोन छीन लिए, सीसीटीवी कैमरा तोड़ डाला और सारी मशीनरी-औजार अपने कब्जे में ले लिया. इन दोनों गुंडों ने खुलकर धमकी दी “अगर अपनी जान प्यारी है तो वापस गोरखपुर चले जाओ.डॉक्टर को समझा दो कि इस जमीन को ओसामा शहाब के पक्ष में छोड़ दें. यही उनके लिए बेहतर होगा.”सुधा सिंह ने अपनी शिकायत में स्पष्ट लिखा है कि फरहान और शबीर पहले भी ओसामा शहाब के निर्देश पर काम रुकवाने आए थे. उनके आदमी इन दोनों को नाम से पहचानते हैं।

सुधा सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त तथ्यों के आधार पर ओसामा साहब, फरहान, शबीर तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी संपत्ति तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. महादेवा थानाध्यक्ष विनीत विनायक ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma