home page

10 माह पूर्व मरीज की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर पर प्राथमिकी दर्ज

 | 
10 माह पूर्व मरीज की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर पर प्राथमिकी दर्ज


मुरादाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में लगभग 10 माह पूर्व थाना मुगलपुरा निवासी मरीज की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपित डॉ. एसएन हसन और अन्य के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मुगलपुरा थाना क्षेत्र के कानून गोयान निवासी विजेंद्र रस्तोगी ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। विजेंद्र के मुताबिक, उन्होंने अपने पिता सुभाष चंद्र रस्तोगी को 3 दिसंबर 2024 को हाथ-पैर में दर्द होने पर थाना मझोला क्षेत्र स्थित साईं अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।

आरोप है कि डॉक्टरों ने बीमारी की स्पष्ट जानकारी नहीं दी। बाद में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में जांच के दौरान फेफड़े खराब होने की बात बताई गई। 14 दिसंबर 2024 को उनकी मौत हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं डॉ. एसएन हसन ने इस आरोप को निराधार बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल