home page

स्कीम में निवेश और जमीन के सौदे के नाम पर 55 लाख की ठगी का आरोप, दंपती पर प्राथमिकी

 | 
स्कीम में निवेश और जमीन के सौदे के नाम पर 55 लाख की ठगी का आरोप, दंपती पर प्राथमिकी


किशनगंज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में 55 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में रोलबाग निवासी पंकज कुमार और उनकी पत्नी सुजाता दास को नामजद करते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कटिहार जिले के मिरचाईबाड़ी निवासी दीपक कुमार के आवेदन पर पुलिस ने कांड संख्या 1104/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने एक स्कीम के नाम पर 11 नवंबर 2024 को दीपक कुमार से पांच लाख रुपये का निवेश कराया। इसके बदले हर महीने आठ से 12 प्रतिशत लाभ देने का भरोसा दिलाया गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि शुरुआत में कुछ समय तक लाभ की राशि दी गई, जिससे उनका विश्वास आरोपियों पर बढ़ गया। बाद में व्यवसाय का नाम बदलकर स्वास्तिका यूनिवर्स प्राइवेट लिमिटेड कर दिया गया।आरोप है कि आरोपियों के झांसे में आकर दीपक कुमार ने अपनी पत्नी राखी देवी के नाम से 22 जुलाई 2025 को 20 लाख रुपये और निवेश किए। इसके लिए बाकायदा एग्रीमेंट भी कराया गया।

इसके अलावा आरोपियों ने रोलबाग क्षेत्र स्थित अपनी जमीन को बेचने का सौदा भी दीपक कुमार से किया। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में जमीन की कीमत 51 लाख रुपये तय हुई। दो सितंबर 2025 को हुए एग्रीमेंट के अनुसार शिकायतकर्ता ने 35 लाख रुपये नकद समेत अन्य माध्यमों से भुगतान कर दिया। शेष 16 लाख रुपये 11 महीने के भीतर देकर जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात तय हुई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही निवेश की गई राशि वापस लौटाई गई। पैसे की मांग करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी देने और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस एग्रीमेंट, भुगतान से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह