विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान : दो-दो गणनापत्र भरने में पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
मुरादाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान दो-दो गणनापत्र भरने में पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। राजस्व विभाग के निरीक्षक की तहरीर पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई की है। ये मामले अलग अलग विधानसभा क्षेत्र में सामने आए हैं। इन लोगों के पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज थे। फिर भी इन्होंने फॉर्म-6 के जरिये दोबारा नाम भर दिए।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने शनिवार को बताया कि फॉर्म-6 भरते समय आवेदक की ओर से यह घोषणा की जाती है कि वह पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल करा रहा है। इससे पहले वह किसी भी विधानसभा और संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल नहीं है। प्रशासन की ओर फार्म-6 की जांच की गई। जांच में सामने आया कि विधानसभा क्षेत्र 29 कुंदरकी में मो. अली पुत्र राशिद का एक ही आधार और पहचान के दो गणना प्रपत्र मिले।
देहात विधानसभा-27 में आसिफ पुत्र रईस अहमद, खलील अहमद पुत्र जुम्मा और मोहम्मद आसिफ पुत्र अब्दुल जब्बार के दो फार्म मिले हैं। इनके नाम जौनपुर की मतदाता सूची में पहले से शामिल हैं। मुरादाबाद नगर विधानसभा में मो. आजम पुत्र सादक हुसैन ने दोबारा गणनापत्र भरा है।
एसपी देहात ने आगे बताया कि सिविल लाइंस थाने में पांच अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

