home page

वाहन हटाने के विवाद में मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में किसान नेता समेत 15 लोगों पर एफआईआर, 3 गिरफ्तार

 | 
वाहन हटाने के विवाद में मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में किसान नेता समेत 15 लोगों पर एफआईआर, 3 गिरफ्तार


मुरादाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अगवानपुर में वाहन हटाने के विवाद में हुई मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने किसान नेता जाहिद हुसैन समेत 15 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। थाना पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

अगवानपुर के मोहल्ला नियारियान निवासी हाजी नदीम अहमद की मुख्य बाजार में नदीम ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोने चांदी के साथ नदीम फ्रिज और अन्य सामान भी बेचते हैं। दो दिन पूर्व सोमवार की रात टाटा मैजिक वाहन से दुकान पर फ्रिज वॉशिंग मशीन आए थे। सामान उतारकर चालक पिकअप मोड़ रहा था, तभी कस्बे के शराफत वहां से गुजर रहे थे। शराफत ने रास्ते में चालक से गाली गलौज कर दी थी। नदीम ने विरोध किया तो शराफत वहां से चला गया। कुछ देर बाद ही शराफत कई युवकों के साथ नदीम की दुकान पर आ धमका। आरोप है कि इन लोगों ने नदीम व उसके भाई और बेटों की पिटाई कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शराफत, सलमान, अदनान, नाजिम, फैजान, शराफत, मेहराव, छोटे, जुनैद, अन्नू, भूरा, लाला, मो. जान और जाहिद हुसैन पर मारपीट और तोड़फोड़ की धाराओं में आज रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बुधवार को आरोपित शराफत, सलमान और मो. जान को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल