राजगढ़ः नाली के पानी की निकासी पर दो परिवारों में चले डंडे, महिलाओं समेत 5 घायल
राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र की कर्मचारी कॉलोनी में शुक्रवार सुबह नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडों, हाथ और थप्पड़ों से हमला कर दिया। मारपीट में महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कर्मचारी कॉलोनी निवासी हेमाबाई (45) पत्नी अजबसिंह मीना ने शिकायत में बताया कि नाली के पानी की निकासी को लेकर पड़ोसी कृति, राजेश, दिनेश कुशवाह और कोमलबाई से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान चारों ने गाली- गलौज करते हुए डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके मुंह, हाथ और पैरों में चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष की कोमलबाई कुशवाह ने शिकायत में आरोप लगाया कि हेमाबाई, अजबसिंह मीना, अरुण मीना और राधाबाई उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की, डंडों से मारपीट कर घर में तोड़फोड़ की। इस घटना में कोमलबाई, कृति और राजेश कुशवाह घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

