home page

ऑपरेशन अकड़ तोड़ में भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का शातिर दलाल हरियाणा से गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन अकड़ तोड़ में भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का शातिर दलाल हरियाणा से गिरफ्तार


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में भ्रूण लिंग परीक्षण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्थान पीसीपीएनडीटी टीम ने 'ऑपरेशन अकड़ तोड़' में सफलता हासिल करते हुए हरियाणा के डबवाली से भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह के शातिर दलाल राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत गिरफ्तार हो चुका है और लंबे समय से राजस्थान-हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय था।

एनएचएम के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि पीसीपीएनडीटी टीम पिछले छह माह से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। सुनियोजित रणनीति के तहत एक गर्भवती महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर दलाल से संपर्क कराया गया। आरोपी ने भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के लिए 36,500 रुपये की मांग की और महिला को हरियाणा के डबवाली स्थित एक निजी अस्पताल ले गया।

अस्पताल में सोनोग्राफी और अन्य जांच के बाद जैसे ही आरोपी ने कथित रूप से भ्रूण का लिंग बताकर महिला को बाहर भेजा, पहले से तैनात पीसीपीएनडीटी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल से संबंधित दस्तावेज, सोनोग्राफी रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

मिशन निदेशक ने बताया कि मामले में अस्पताल की भूमिका और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि भ्रूण लिंग परीक्षण कराने वाले दलालों और ऐसे अवैध नेटवर्क से सतर्क रहें तथा इसकी सूचना प्रशासन को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश