महिला ग्राम विकास अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बाड़मेर इकाई ने कार्रवाई करते हुए बालोतरा जिले की ग्राम पंचायत जूनाखेड़ा की ग्राम विकास अधिकारी सपना कुमारी को प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त जारी कराने के नाम पर 4 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रिश्वत की राशि आरोपिता के किराए के मकान से बरामद की गई।
एसीबी बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आरोपिता सपना कुमारी, ग्राम पंचायत जूनाखेड़ा, पंचायत समिति धोरीमन्ना (जिला बालोतरा) में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत है। एसीबी के अनुसार परिवादी की पत्नी के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवास स्वीकृत हुआ था। आवास का निर्माण पूरा होने के बाद तीसरी किश्त के 60 हजार रुपए जारी करने के लिए जियोटैगिंग फोटोग्राफ ऑनलाइन करने की एवज में आरोपिता ने 4,500 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। बुधवार को धोरीमन्ना कस्बे के भादू मार्केट स्थित आरोपिता के किराए के मकान पर परिवादी से तयशुदा 4,500 रुपए रिश्वत लेते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। एसीबी आरोपिता से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

