दुर्ग : छात्रा की चाकू मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग, 10 जुलाई (हि.स.)। दुर्ग जिला अंतर्गत भिलाई के रामनगर स्थित पीजी में रहकर पढ़ाई करने वाली युवती की शुक्रवार को चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी 20 वर्षीय खुशी साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद वैशालीनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुशी पढ़ाई के साथ-साथ वैशालीनगर स्थित फ्रेंड्स कैफे में काम भी करती थी। पीजी में खुशी के साथ उसकी सहेली भी रहती थी। जब उसकी सहेली नहाने गई हुई थी उसी समय खुशी पर हमला करने वाला आरोपित वारदात काे अंजाम देकर मौके से भाग गया।
सहेली ने खुशी को लहूलुहान हालत में बिस्तर में पड़े हुए देखा। तत्काल मकान मालिक को सूचना दी गई। खुशी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वैशाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुशी के दोस्तों और सह-कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर धारदार चाकू से हत्या की बात सामने आई है। हत्या की वजह क्या थी इसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

