इंदौर में सरकारी आवास के अंदर महिला पोस्टल असिस्टेंट की हत्या, स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा मां का शव
- घटना के बाद से पति फरार
इंदौर, 11 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की डाककुंज कॉलोनी में स्थित एक सरकारी आवास के ग्राउंड फ्लोर पर शनिवार को डाक विभाग की 38 वर्षीय पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद से महिला का पति अखिलेश सैनी फरार है। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार दोपहर करीब एक बजे उर्मिला के दोनों बच्चे स्कूल से घर लौटे। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और भीतर टेलीविजन काफी तेज आवाज में चल रहा था, जिसे देखकर जैसे ही बच्चे अंदर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी मां का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। घबराए बच्चों ने तुरंत अपने नाना सत्यनारायण मालाकार को फोन पर इसकी सूचना दी, जिसके बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी भी मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया।
परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे पिता अखिलेश बच्चों के स्कूल पहुंचे और उसने बच्चों से कहा था कि वह और उनकी मां भोपाल जा रहे हैं, इसलिए वे छुट्टी के बाद सीधे अपनी मौसी के घर चले जाएं। उसने बच्चों को यह भी बताया कि उनकी एक्टिवा स्कूल में ही खड़ी रहेगी। साथ ही अपनी 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी को घर की चाबी दी और एटीएम कार्ड और जेवरातों की जानकारी भी दी। लेकिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद बेटी और बेटा मौसी के घर न जाकर सीधे अपने घर पहुंच गए, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। घटना के बाद से ही महिला का पति अखिलेश सैनी मौके से फरार है और पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक उनके दोनों बच्चे पढ़ाई में काफी होनहार हैं, जिसमें बेटी स्कूल की बेस्ट गर्ल स्टूडेंट रहने के साथ-साथ यूट्यूब पर प्रमोशन का काम भी करती है। महिला के मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि अखिलेश सैनी कोई कामकाज नहीं करता था और आए दिन उर्मिला के साथ झगड़ा करता रहता था, जिसके चलते आपसी विवाद और तात्कालिक आवेश में आकर उसने इस हत्या को अंजाम दिया और भाग निकला।
वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि अखिलेश वर्क फ्रॉम होम के जरिए अगरबत्ती ट्रेडिंग का काम करता था और अपनी पत्नी पर शक करता था। इससे पहले जब यह परिवार भोपाल में रहता था, तब भी दोनों के बीच भारी विवाद हुआ था और मामला थाने तक जा पहुंचा था, हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस, पलासिया थाना पुलिस, एसीपी निधि दंडोतिया और एफएसएल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल से सभी जरूरी फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के आपसी कलह को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक सबूतों और पूरी तफ्तीश के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपित पति अखिलेश सैनी की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

