203 ग्राम स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले की अमदाबाद थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोलमारी गांव से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़ी गई महिला के पास से 203 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अमदाबाद थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि भोलमारी गांव में एक महिला द्वारा अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ गांव में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर एक महिला तेजी से भागने लगी, जिसे पुलिस बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया।
पकड़ी गई महिला ने पूछताछ में अपना नाम मस्कुरा बीबी (पति मुबारक हुसैन, निवासी भोलमारी, थाना अमदाबाद, जिला कटिहार) बताया है। पुलिस द्वारा जब उसकी विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके पास से 203 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने इस संबंध में कांड दर्ज कर आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

