home page

महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में मिला

 | 
महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में मिला


प्रतापगढ़, 28 मई (हि.स.)। जिले के छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस विभाग में उस समय सनसनी फैल गई, जब महिला कॉन्स्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।

मृतका की पहचान शोम कुंवर (26) पुत्री कुशल सिंह निवासी वरमंडल, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। वह छोटी सादड़ी थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत थीं।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि गुरुवार सुबह ईद पर्व को लेकर शोम कुंवर की ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह जब ड्यूटी पर पहुंचने का समय हुआ तो साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें कॉल किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

कई बार संपर्क करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर साथी कॉन्स्टेबल और स्टाफ के लोग सुबह उन्हें बुलाने सरकारी क्वार्टर पहुंचे।

साथी पुलिसकर्मियों ने क्वार्टर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में शोम कुंवर का शव पंखे से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी बी. आदित्य सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला कॉन्स्टेबल ने आत्महत्या क्यों की और इसके पीछे क्या कारण रहे। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों सहित हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मृतका के अंकल मनोहर सिंह ने बताया कि बुधवार रात शोम कुंवर की अपने पिता कुशल सिंह से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय सब कुछ सामान्य था। उन्होंने बताया कि शोम के पिता किसी काम से उदयपुर गए हुए थे और वापसी के दौरान उनकी बेटी से बात हुई थी। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद ऐसी दुखद खबर मिलेगी।

शोम कुंवर 2022 बैच की कॉन्स्टेबल थीं। उनकी पहली पोस्टिंग जलोदा जागीर में हुई थी, जहां उन्होंने करीब छह महीने तक सेवाएं दीं। इसके बाद करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग छोटी सादड़ी थाने में हुई थी।

वे पिछले लगभग तीन वर्षों से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रही थीं। परिवार में चार भाई-बहनों में शोम तीसरे नंबर पर थीं। घटना के बाद पुलिस विभाग और परिवार में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मी भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित