सहकारी केंद्रीय बैंक की महिला शाखा प्रबंधक अनीता पांडेय रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित
रायपुर, 15 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के निपनिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की महिला शाखा प्रबंधक (मैनेजर) अनीता पांडेय को रिश्वत लेने के आरोप में आज साेमवार काे निलंबित कर दिया गया है। आरोपित द्वारा एक विधवा महिला से उसके दिवंगत पति के खाते से पैसे निकालने के एवज में रिश्वत माँगा जा रहा था ।
इस मामले में पीड़िता की जनदर्शन में की गई शिकायत के आधार पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए हुए तुरंत नोडल अधिकारी को जांच सौंपकर उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निपनिया की रहने वाली पीड़िता खेलन बाई सतनामी के पति रूपदास सतनामी का एक साल पहले निधन हो गया था। उनके बैंक खाते में करीब 1 लाख 10 हजार रुपये जमा थे। नॉमिनी होने के कारण जब खेलन बाई अपने बेटे के साथ राशि निकालने बैंक पहुंची, तो प्रक्रिया पूरी करने के बदले मैनेजर ने पहले 10 हजार रुपये की मांग की। बाद में सौदा 5 हजार रुपये में तय हुआ। बैंक के भीतर लेनदेन और बातचीत का एक वीडियो सामने आया, जिसमें मैनेजर महिला और उसके बेटे से दस्तावेज साइन करवाने के बाद पैसे निकालो बोल रही हूं, जल्दी निकालो कहते हुए रिश्वत लेते नजर आ रही हैं।
पीड़िता ने इस घटना की लिखित शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की और सबूत के तौर पर वीडियो सौंपा।शिकायत मिलते ही कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत जांच के लिए नोडल अधिकारी को तैनात किया। जब जांच रिपोर्ट आई, तो मैनेजर पर लगे आरोप पूरी तरह सच साबित हुए। इसके बाद कलेक्टर ने बिना देरी किए उन्हें निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए।
आरोपित अनीता पाण्डेय को बैंक कर्मचारी सेवा नियम के तहत निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल, उनका मुख्यालय महासमुंद शिफ्ट कर दिया गया है। निलंबन के दौरान उन्हें सिर्फ आधे वेतन के बराबर जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की छुट्टी नहीं मिलेगी। बिना लिखित अनुमति के वह मुख्यालय महासमुंद छोड़कर कहीं नहीं जा सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

