home page

जींद : बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ ठगे

 | 
जींद : बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ ठगे


जींद, 22 मार्च (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने वृद्ध को डिजिटल अरेस्ट कर उस से लगभग एक करोड़ रुपये ठगने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सफीदों स्थित आदर्श बस्ती निवासी हवा सिंह मार्केटिंग सोसायटी से सेवानिवृत कर्मी है।

गत 12 मार्च को साइबर ठगी करने वाले लोगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया और उन्हें कहा कि उनके खिलाफ मुकद्मा दर्ज है और उनके खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा आया हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके पास जितने भी पैसे हैं वह एक बार उन्हें ट्रांसफर कर दें। यह पैसा उनके पास सुरक्षित रहेगा और इस मामले का निपटारा होने के बाद यह पैसा उन्हें वापस कर दिया जाएगा। साइबर ठगी करने वाले लोगों ने हवा सिंह को स्पष्ट तौर पर बताया कि उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है और वह उनकी निगरानी में रहेंगे।

बुजुर्ग हवा सिंह साइबर ठगों के झांसे में आ गए और उन्होंने 98 लाख 25 हजार रुपये उनके कहे अनुसार उनके द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। हवा सिंह ने बताया कि उन्हें 12 मार्च से लेकर 19 मार्च तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा। बाद में जब हवा सिंह को इस बात का अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो गई है तो उसने साइबर सेल की मदद ली। साइबर क्राइम थाना जींद पुलिस ने हवा सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा