home page

झोपड़ी में आग लगने से बालिका की जलकर हुई मौत

 | 
झोपड़ी में आग लगने से बालिका की जलकर हुई मौत


प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में काठगांव में गुरुवार को एक झोपड़ी में आग लगने से एक सात वर्षीय बालिका की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के काठगांव निवासी रामसिंह की 07 वर्षीय बेटी सोनाली गुरुवार को घर के समीप स्थित झोपड़ी में थी। अचानक झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। आग की सूचना पर अग्निशमन विभाग के लोग पहुंचे और आप पर काबू पाया। लेकिन इस दौरान आग में फंसकर सोनाली की जान चली गई। पुलिस ने इस संबंध में तहरीर लेकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि झोपड़ी में आग लगने से एक बच्ची की जान चली गई। आग लगने की वजह प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। झोपड़ी के ऊपर एक सोलर पैनल रखा गया था, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिर भी आग लगने के कारण जानने के लिए जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल