ससुराल में फंदे से लटका पाया गया विवाहिता का शव, पति के खिलाफ हत्या का आरोप
प्रयागराज, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी कोतवाली क्षेत्र में महेवा पश्चिम पट्टी मोहल्ले में रविवार को एक विवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने उसके पति के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मृतिका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि यमुनानगर के नैनी कोतवाली क्षेत्र के महेवा पश्चिम पट्टी निवासी सुशीला (32) पत्नी दिनेश निषाद का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया। यह जानकारी होते ही मृतका के भाई मुकेश कुमार निषाद ने सूचना दी कि उसकी बहन की हत्या उसके पति दिनेश निषाद ने की है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतका के भाई मुकेश ने बताया कि मेरी बहन की 2019 में हुई थी। उसके एक पांच वर्ष का बेटा है। हमारी बहन का गला घोटकर उसके पति ने मार डाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

