home page

बेटे का हत्यारा कलयुगी पिता गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बांका बरामद

 | 
बेटे का हत्यारा कलयुगी पिता गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बांका बरामद


लखीमपुर खीरी, 26 मई (हि.स.)। भीरा थाना पुलिस ने अपने ही जवान बेटे की बेरहमी से हत्या करने के आरोपित पिता दयाराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गन्ना काटने वाला धारदार बांका भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी डॉ ख्याति गर्ग ने मंगलवार दोपहर बताया कि यह सनसनीखेज मामला तब प्रकाश में आया जब आरोपित की बहन रूपरानी ने भीरा थाने में लिखित तहरीर देकर अपने भाई दयाराम पासी (पुत्र स्व. रामलाल) पर अपने 30 वर्षीय भतीजे मुनीश की बांके से काटकर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक मुनीश का लहूलुहान शव दयाराम के मकान के बगल में स्थित आंगन में भूसे के ढेर के पास पड़ा मिला था। तहरीर मिलते ही भीरा पुलिस ने तत्काल विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की तफ्तीश शुरू की।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) और क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण में भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम भवानीपुर निवासी 55 वर्षीय आरोपित पिता दयाराम को धर दबोचा और उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल (बांका) बरामद किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव