home page

छग : ट्रक में हैवी मशीनरी के बीच छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, 1.91 क्विंटल मादक पदार्थ के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

 | 
छग : ट्रक में हैवी मशीनरी के बीच छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, 1.91 क्विंटल मादक पदार्थ के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार


रायपुर, 4 अगस्त (हि.स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये कीमत का 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त दो अंतरराज्यीय आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित रिश्ते में पिता-पुत्र हैं और ओडिशा से नागपुर गांजा पहुंचाने की तैयारी में थे।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि, मंदिरहसौद की ओर से रायपुर आ रहे एक 6 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर नाकेबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में हैवी मशीनरी लोड होने के कारण पहली नजर में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुलिस टीम ने बारीकी से जांच की तो मशीनरी के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई सात बोरियां मिलीं। जांच करने पर बोरियों में अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में ट्रक सवार आरोपितों ने अपना नाम मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम बताया। दोनों ने खुद को रिश्ते में पिता-पुत्र बताया। पुलिस के मुताबिक, दोनों बिहार के मूल निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 191.525 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और उसमें लोड हैवी मशीनरी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। आरोपितों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि, आरोपित मोहम्मद लाल पिछले करीब 25 वर्षों से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है। वह कोलकाता से विभिन्न सामानों का परिवहन ओडिशा और छत्तीसगढ़ के रास्ते मुंबई तक करता था। पूछताछ में आरोपितों ने ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर ले जाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि, आरोपितों और उनके नेटवर्क पर करीब एक महीने से नजर रखी जा रही थी। तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अब पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर