बेटे की हत्या के आरोप में पिता को भेजा जेल
मृतक की पत्नी ने दी थी सास, ससुर और देवरानी के खिलाफ तहरीर
हमीरपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के निवादा गांव में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या की घटना हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले और शरीर पर कुछ चोट के निशान मिलने के बाद मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को बेटे की हत्या के आरोप में पिता को जेल भेजा गया है।
बता दें कि बीते शुक्रवार रात निवादा गांव के पुष्पम (30) पुत्र ब्रेजेंद्र सिंह चंदेल की आत्महत्या की घटना सामने आई थी, जिसमें युवक गले में अंगौछा बांधकर पंखे के कुंदे से झूल गया था ,जिसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने उस दौरान गृहकलह ,आत्महत्या का कारण बताया था ,लेकिन घटना स्थल की परिस्थियां कुछ और ही बता रहीं थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था ,लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद गुरुवार को घटना में एक नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों को मृतक के गले पर आत्महत्या से पड़ने वाला निशान नहीं मिला ,जबकि गले और शरीर पर कुछ चोट के निशान मिले थे। इसकी पुष्टि मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने भी की।
क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम में आत्महत्या की पुष्टि नहीं हुई। बताया कि मृतक का विसरा सुरक्षित किया गया गया ,जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं मृतक की पत्नी आरती ने बिवांर थाना आकर ससुर ब्रजेन्द्र सिंह चंदेल पुत्र पूरन ,सास राधा और देवरानी डोली पत्नी अनुपम के खिलाफ पति को मारकर कुंदे से टांग देने की तहरीर दी। मृतक की पत्नी ने बताया कि ससुर ने शराब के नशे में धुत होकर उसके पति को जमकर पीटा और उस दौरान देवरानी डोली ने उसे कमरे में बंद कर दिया। बताया कि जब पीटने से उसके पति की मौत हो गई तो उसे आत्महत्या दिखाने के लिए कमरे में पंखे के कुंदे से लटका दिया और कुछ देर बाद कमरे से उसे निकाल कर बताया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। वहीं बिवांर थाना प्रभारी नन्दराम ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

