कलयुगी पिता ने बच्चों को खिलाया जहर, गिरफ्तार
रायबरेली,07जुलाई(हि.स.)। कलयुगी पिता ने मंगलवार को दाल में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चाें काे खिला दिया और मौके से भाग निकला। मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गुनावर कमंगलपुर गांव की निवासी सोहिनी ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसका पति सुरेश शराब का आदी है। आये दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था। सुबह वह घर में भोजन बनाकर खेत में धान की रोपाई करने चली गई थी, जबकि घर पर उसके बेटे दिव्यांश (6) और श्रीयांश (5) मौजूद थे। इसी दौरान पिता सुरेश ने अरहर की दाल में जहरीला पदार्थ मिला दिया। बच्चों ने भोजन किया तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने मां सोहिनी सहित पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मदद से बच्चों को सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की वजह से बच्चों की हालत बिगड़ने की बात बताई। इलाज के बाद बच्चों की हालत में सुधार हो गया है। मां सोहिनी के अनुसार ने उसके पति ने बच्चों को जान से मारने की नीयत से भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाया था। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ़्तार कर लिया है।
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जांच में बच्चों को जहरीला पदार्थ दिए जाने की घटना सही पाई गई है। आरोपित सुरेश पासी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

