home page

(अपडेट) कुल्हाड़ी से पिता की हत्या: शव फेंकने से पहले बेटा-मां पुलिस हिरासत में

 | 
(अपडेट) कुल्हाड़ी से पिता की हत्या: शव फेंकने से पहले बेटा-मां पुलिस हिरासत में


जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना इलाके के गोविंदपुरा में घरेलू विवाद के चलते 45 वर्षीय बेटे सवाई राम जाट ने अपने 75 वर्षीय पिता जगदीश जाट की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित ने शव को करीब एक दिन घर में छिपाए रखा। दूसरे दिन गांव टोडारायसिंह ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए टैक्सी बुलाई, लेकिन शव से बदबू आने पर चालक को शक हो गया और उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी शव को घर के पास खाली प्लॉट में ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था।

डीसीपी दक्षिण राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि मृतक जगदीश जाट टोडारायसिंह का रहने वाला था और गोविंदपुरा में पत्नी सजनी व छोटे बेटे सवाई राम के साथ रहता था। पुलिस ने सवाई राम और मौके पर मौजूद उसकी मां सजनी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सवाई राम ने हत्या करना स्वीकार किया है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पिता शराब पीने के बाद आए दिन परिवार से झगड़ा करते थे। 18 अगस्त की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में सवाई राम ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। उस समय मां सजनी भी घर पर मौजूद थी।

हत्या के बाद सवाई राम ने शव को कंबल में बांधकर घर में छिपा दिया। शव ठिकाने लगाने के लिए जगह नहीं मिलने पर उसने गांव ले जाकर अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई। गुरुवार सुबह टैक्सी बुलाकर चालक को पिता की मौत की बात बताई। शव से बदबू आने पर चालक को संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी शव को पास के खाली प्लॉट में फेंकने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि जगदीश, उसकी पत्नी सजनी और दोनों बेटे पहले भी परिवार की बहू की हत्या के मामले में आरोपित रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2022/2024 में दर्ज इस मामले में परिवार के चारों सदस्य जेल गए थे। जगदीश, सजनी और सवाई राम करीब चार माह पहले जमानत पर बाहर आए थे, जबकि बड़ा बेटा अभी जेल में है। पुलिस मौजूदा हत्या के साथ पुराने मामले की भी विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश