home page

डबवाली में जमीनी विवाद में पुत्र ने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी

 | 
डबवाली में जमीनी विवाद में पुत्र ने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी


सिरसा, 06 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के गांव दारेवाला में जमीनी विवाद को लेकर पुत्र ने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पिता को जीप से कुचलने की कोशिश की और फिर तेजधार हथियार से सिर पर वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान गांव दारेवाला निवासी जसवंत सिंह के रूप में हुई है। रविवार रात जसवंत सिंह खेत से पानी लगाकर घर लौट रहे थे। घर के पास ही उनके बेटे राम सिंह ने उन्हें घेर लिया। आरोपी ने पहले पिता को जीप से कुचला और बाद में तेजधार हथियार से सिर पर वार किए और बुजुर्ग पिता करीब दो घंटे तक गली में तडफ़ता रहा। घटना को देख आसपास के लोग सहम गए। किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत तक नहीं दिखाई।

बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल जसवंत को उपचार के लिए डबवाली के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी राम सिंह अपनी विवाहित बहन की जमीन हड़पने का प्रयास कर रहा था। कुछ समय पहले राम सिंह के जीजा की भी मौत हो गई थी। जिसके बाद राम सिंह ही बहन की जमीन-जायदाद की देखरेख कर रहा था। उसने बहन की जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया था, लेकिन पूरी रकम बहन को नहीं दी। जसवंत सिंह ने बेटी का हक मारे जाने पर राम सिंह को ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में अकसर झगड़ा होता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma