home page

पिता के हत्यारे दाेनाें बेटे गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक बरामद

 | 
पिता के हत्यारे दाेनाें बेटे गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक बरामद


प्रयागराज, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कर्नलगंज थाना क्षेत्र में गत दिनों हुई बुजुर्ग की हत्या मामले का खुलासा करते हुए बुधवार को एसओजी नगर, एवं कर्नलगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि 13 जून 2026 को लल्ला चुंगी चौराहे पर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने एक बुजुर्ग को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। मृतक के पुत्र जितेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना कर्नलगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि घटना को अंजाम देने वाला नामजद आरोपितों में अखिलेश कुमार उर्फ शिवा उर्फ शिब्बू था, जिसके साथ मोटरसाइकिल पर उसका सगा बड़ा भाई वीरेन्द्र कुमार भी मौजूद था। दोनों आरोपितों को बुधवार को अयोध्या हॉस्टल मार्ग स्थित मजार के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि मृतक रामदुलारे ने अपने पुत्रों के खिलाफ भरण-पोषण के लिए पारिवारिक न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद दोनों पुत्र अपने पिता से नाराज थे। इसी रंजिश में दोनों भाइयों ने मिलकर 13 जून की सुबह अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश कुमार उर्फ शिवा उर्फ शिब्बू (22 वर्ष) तथा वीरेन्द्र कुमार (30 वर्ष) निवासी लाला की सराय, थाना शिवकुटी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि थाना कर्नलगंज क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार एवं मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मामले का शीघ्र खुलासा किया। आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में एसओजी नगर, थाना कर्नलगंज पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल